महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय निर्माण में 11.71 करोड़ की टैक्स चोरी, कंपनी को GST नोटिस
आजमगढ़:महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य में बड़ी वित्तीय अनियमितता सामने आई है। विश्वविद्यालय निर्माण का ठेका लेने वाली कंपनी पर 11.71 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का आरोप लगा है। जांच के बाद जीएसटी विभाग ने कंपनी को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर अभिलेखों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
जीएसटी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, विश्वविद्यालय का निर्माण डायनका इंडस्ट्रीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, अहमदाबाद द्वारा कराया गया था। कंपनी ने वर्ष 2022-23 में उत्तर प्रदेश में कार्य के लिए पंजीकरण कराया और करीब 108 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य पूरा किया।
असिस्टेंट कमिश्नर मैनेजर चौरसिया और निधि श्रीवास्तव ने बताया कि जीएसटी पोर्टल पर अभिलेखों की जांच के दौरान यह सामने आया कि कंपनी ने निर्माण कार्य तो किया, लेकिन देय कर का भुगतान नहीं किया। इसी आधार पर 11.71 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी चिन्हित की गई है।
वर्तमान में संबंधित कंपनी मेरठ और हाथरस में लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्य भी कर रही है। कंपनी के निदेशक मूल रूप से बुलंदशहर के निवासी बताए जा रहे हैं, जिन्होंने पहले अहमदाबाद में कंपनी का पंजीकरण कराया था और बाद में उत्तर प्रदेश में भी रजिस्ट्रेशन कराया।
विभाग ने निर्देश दिया है कि कंपनी के निदेशक निर्धारित समय सीमा के भीतर उपस्थित होकर सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें, ताकि मामले की आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
























































Leave a comment