Latest News / ताज़ातरीन खबरें

प्रेम प्रसंग को लेकर युवक के साथ मारपीट, चाकू से हमला कर गांव में घुमाने का आरोप

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक के साथ मारपीट करने और उसे निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने युवती के परिजनों पर मारपीट करने और चाकू से हमला कर गुप्तांग काटने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, युवक का गांव की ही एक युवती से करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी। बताया जा रहा है कि करीब दस महीने पहले युवक रोजी-रोटी के सिलसिले में बेंगलुरु चला गया था। आरोप है कि इसके बाद भी युवती अलग-अलग नंबरों से उससे संपर्क करती थी और शादी करने के लिए दबाव बनाती थी। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर युवती आत्महत्या करने की धमकी देती थी। युवक का दावा है कि युवती ने मांग में सिंदूर लगाकर अपनी तस्वीर भी उसे भेजी थी।
बताया गया कि दशहरा के अवसर पर युवक शनिवार को घर लौटा था। सोमवार की शाम वह बाइक से बाजार जा रहा था। इसी दौरान प्राथमिक विद्यालय सहनूपुर के पास युवती के परिजनों ने कथित तौर पर उसकी बाइक रोक ली। विरोध करने पर युवक को लात-घूंसों और डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उस पर चाकू से हमला कर गुप्तांग काटने का प्रयास भी किया गया, लेकिन वह गंभीर चोट से बच गया। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर पूरे गांव में घुमाने का आरोप भी लगाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी परिजन वहां से फरार हो चुके थे।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। थाना अध्यक्ष सुनील दूबे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh