वार्ड नंबर 10 में दूषित पानी पीने को मजबूर लोग, परेशान लोग,टैंकर से पानी भेजने के निर्देश
देवरिया। आदर्श नगर पंचायत भाटपार रानी के वार्ड नंबर 10 स्थित हरिजन बस्ती में बुनियादी सुविधाओं का अभाव लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। इंडिया मार्का हैंडपंप से दूषित पानी आने, नालियों पर ढक्कन नहीं होने, अधिकांश स्ट्रीट लाइट खराब होने और जलनिकासी की व्यवस्था न होने से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दूषित पानी पीने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। बरसात और नालियों का पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जबकि छिड़काव नहीं होने की शिकायत है। रेलवे की भूमि, निकटवर्ती ग्राम पंचायत की जमीन और भू-भाग की स्थिति के कारण जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। कभी-कभी नाली का पानी लोगों के घरों तक पहुंच जाता है। इसके अलावा सड़क और आवास जैसी समस्याओं का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
मामले में पूछे जाने पर अधिशासी अधिकारी ने तत्काल इंडिया मार्का हैंडपंप पर रेड क्रॉस का निशान लगवाकर उसका पानी पीने से रोकने, टैंकर से पेयजल उपलब्ध कराने और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। वहीं, नगर पंचायत के बड़े बाबू रणवीर प्रताप सिंह उर्फ लाला से बातचीत के दौरान मीडिया टीम को स्पष्ट जवाब नहीं मिला और उनका रुख गोलमोल नजर आया।
वार्ड निवासी रीता देवी ने आरोप लगाया कि वोट नहीं देने की बात कहकर नगर पंचायत के कुछ जिम्मेदार लोग बस्ती के लोगों पर नाराजगी जताते हैं। स्थानीय लोगों ने दूषित पानी की समस्या दूर करने, नालियों पर ढक्कन लगवाने, जलनिकासी, सफाई, छिड़काव, स्ट्रीट लाइट, सड़क और आवास संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की। इस दौरान सर्वेश कुमार, चंदन कुमार, विकास, सुशीला, मेराज, अगस्त पांडेय, अशोक यादव और सुनील पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


























































Leave a comment