मेरठ में 23 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, पत्नी को फोन कर बोले हमलावर- "डेडबॉडी उठा ले जाओ"
मेरठ। मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर तुषार त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी के अंदर ही दो गोलियां मार दीं। हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक की पत्नी को फोन कर वारदात की जानकारी दी और शव ले जाने के लिए कहा। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, हापुड़ निवासी तुषार त्यागी सोमवार रात किसी व्यक्ति को खाना देने के लिए घर से निकले थे। कुछ देर बाद उन्होंने अपनी पत्नी शिखा त्यागी को फोन किया और बताया कि बिट्टू उर्फ अरविंद त्यागी ने उनका अपहरण कर लिया है। तुषार ने फोन पर कहा कि "ये लोग मुझे मार डालेंगे।" इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया।
पति का फोन बंद होने और अपहरण की सूचना मिलने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और तुषार की तलाश शुरू कर दी। देर रात उनकी स्कॉर्पियो थाना खरखौदा क्षेत्र में खड़ी मिली। जब परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तो तुषार ड्राइवर सीट पर खून से लथपथ पड़े थे। उनका सिर गाड़ी की स्टीयरिंग पर झुका हुआ था।
जांच में पता चला कि तुषार को दो गोलियां मारी गई थीं। एक गोली उनके माथे में और दूसरी गले में लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल एनसीआर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक तुषार त्यागी का 4 जून को 24वां जन्मदिन था। उनकी शादी करीब दो वर्ष पहले शिखा त्यागी से हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं। तुषार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और फोन कॉल की जानकारी के आधार पर पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।





















































Leave a comment