Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: फूलपुर थाना बना मिसाल, कंप्यूटर कोर्स के नाम पर हुई ठगी की रकम 3 दिन में कराई वापस

आजमगढ़। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में फूलपुर थाना पुलिस ने एक सराहनीय उदाहरण पेश किया है। साइबर हेल्पडेस्क फूलपुर की त्वरित कार्रवाई से ऑनलाइन कंप्यूटर कोर्स में एडमिशन दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार हुए युवक को मात्र तीन दिनों के भीतर उसकी पूरी धनराशि वापस दिला दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूलपुर थाना क्षेत्र के चकजुझारी निवासी विपिन यादव पुत्र रविन्द्र प्रसाद यादव के साथ 30 मई 2026 को अज्ञात साइबर अपराधी ने ऑनलाइन कंप्यूटर कोर्स में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर ₹9,500 की धोखाधड़ी कर ली। ठगों ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से ऑनलाइन माध्यम से यह रकम हड़प ली।

ठगी का एहसास होते ही पीड़ित विपिन यादव ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी अपनी शिकायत अपलोड की। शिकायत मिलते ही साइबर हेल्पडेस्क थाना फूलपुर सक्रिय हो गई और मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस टीम ने संबंधित बैंक एवं अन्य संस्थाओं को आवश्यक नोटिस भेजे। साथ ही साइबर ठग के खाते को फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। बैंक के नोडल अधिकारी से ई-मेल के माध्यम से संपर्क स्थापित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की गई। पुलिस की तत्परता और तकनीकी प्रयासों का परिणाम यह रहा कि ठगी गई ₹9,500 की पूरी धनराशि 02 जून 2026 को शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दी गई।

इस सफलता के बाद पीड़ित और उसके परिवार ने फूलपुर पुलिस तथा साइबर हेल्पडेस्क का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्र में सराहा जा रहा है।

आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन कोर्स, नौकरी, लॉटरी, निवेश या किसी अन्य आकर्षक ऑफर के नाम पर धनराशि जमा करने से पहले संबंधित संस्था की सत्यता की पूरी जांच कर लें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता विवरण, OTP, CVV नंबर, UPI पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।

पुलिस ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह बिना समय गंवाए तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करे अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए। समय रहते शिकायत करने पर ठगी गई रकम को वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक दयानन्द, कांस्टेबल दुर्गेश कुमार विश्वकर्मा एवं महिला आरक्षी पूजा पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh