Politics News / राजनीतिक समाचार

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वृक्षारोपण अभियान-2026-27 को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

लखनऊ, 28 मई 2026।उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी आधारित जनआंदोलन के रूप में संचालित किए जाने के निर्देश ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्राम्य विकास विभाग शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य से अधिक वृक्षारोपण कर नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।

उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा वृक्षारोपण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया गया था तथा जनपदों ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण कर सराहनीय उपलब्धि हासिल की थी। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के समन्वित प्रयासों से इस वर्ष भी वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु ग्राम्य विकास विभाग को 11.25 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए योजनाबद्ध एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में वृक्षारोपण हेतु माइक्रोप्लान तैयार किया जाए तथा ग्रामवासियों के साथ पर्यावरण संरक्षण पर गोष्ठियां आयोजित हों।

उन्होंने “वृक्षमाला नदीतट संरक्षण अभियान” को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा नदियों के किनारों पर बांस रोपण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास एवं अन्य आवासीय योजनाओं के लाभार्थियों से दो-दो सहजन के पौधे अनिवार्य रूप से लगवाने को कहा।

श्री मौर्य ने कहा कि वृक्षारोपण से अधिक महत्वपूर्ण पौधों की जीवितता है। इसके लिए बायोफेंसिंग, सुरक्षा खाई निर्माण तथा नियमित देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पौधों को पशुओं एवं अन्य कारणों से होने वाली क्षति से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि स्थल चयन एवं गड्ढा खुदान की कार्यवाही समय से प्रारंभ की जाए, जिससे पौधों की उत्तरजीविता बेहतर बनी रहे।

उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मनरेगा के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यों में निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप मेंटेनेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सामर्थ्य मैनुअल के प्रावधानों के अनुपालन पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में सामुदायिक एवं व्यक्तिगत स्थलों पर किए गए वृक्षारोपण की समीक्षा की जाए तथा जहां पौधों की क्षति अधिक हुई हो, वहां उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए सूखे पौधों को तत्काल प्रतिस्थापित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पौधों की खरीद किसी भी दशा में निजी नर्सरी से न की जाए तथा पौधों की आपूर्ति वन विभाग से ही प्राप्त की जाए।

श्री मौर्य ने कहा कि कुल वृक्षारोपण में कम से कम 20 प्रतिशत फलदार पौधों को शामिल किया जाए तथा पर्याप्त मात्रा में मोरिंगा (सहजन) प्लांटेशन कराया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ पोषण सुरक्षा एवं आयवृद्धि को भी बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने कहा कि लक्ष्य से अधिक गुणवत्तापरक वृक्षारोपण करने वाले तीन जनपदों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सबसे बड़े भूभाग पर वृक्षारोपण कराने वाले खंड विकास अधिकारी को भी सम्मानित किया जाएगा।

आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग जी एस प्रियदर्शी ने सभी मुख्य विकास अधिकारियों, जिला कार्यक्रम समन्वयकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण अभियान-2026-27 को पूर्ण गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ संचालित करते हुए इसे सफल बनाया जाए।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh