Crime News / आपराधिक ख़बरे

आगरा में कोर्ट से लौट रहे सगे भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पूर्व प्रधान की मौत

आगरा। आगरा में कोर्ट से गवाही देकर कार से अपने गांव लौट रहे दो सगे भाइयों पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने कार पर करीब 25 राउंड गोलियां बरसाईं, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में पूर्व प्रधान की मौत हो गई, जबकि उनका भाई अस्पताल में उपचाराधीन है।
जानकारी के अनुसार, घायल हुए लोगों की पहचान पूर्व प्रधान अवनीश यादव और उनके भाई उपेन्द्र उर्फ मालिक यादव के रूप में हुई है। दोनों सोमवार रात कोर्ट में गवाही देने के बाद कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान इटावा-आगरा स्टेट हाईवे पर जैतपुर थाना क्षेत्र के प्यारम्पुरा गांव के पास पहले से घात लगाए हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बना लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने कार पर करीब 25 राउंड फायरिंग की। फायरिंग के दौरान एक गोली उपेन्द्र उर्फ मालिक यादव की बाजू में लगी, जबकि अवनीश यादव के सीने में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलियां लगते ही दोनों भाई लहूलुहान होकर कार में ही गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने पूर्व प्रधान अवनीश यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि उपेन्द्र का इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh