पुलिस अधीक्षक को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पत्रक सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग
देवरिया।जनपद देवरिया के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसौनी रघुनाथ निवासी किसान जयप्रकाश यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले को लेकर मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल 'रोशन' के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को पत्रक सौंपकर निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल 'रोशन' ने कहा कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और सरकार अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसान की संदिग्ध मौत की घटना बेहद गंभीर है तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने के लिए बाध्य होगी।
उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस पूर्वी जोन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी ने कहा कि किसान जयप्रकाश यादव सुबह अपने घर से खेत जाने के लिए निकले थे, लेकिन बाद में उनका शव लक्ष्मणचक टोला भटवलिया स्थित चौरा के पास मिला। ग्रामीणों एवं परिजनों का आरोप है कि वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय 18 ग्रामीणों, पीड़ित परिवार के तीन सदस्यों तथा सैकड़ों अज्ञात लोगों को मुकदमे में फंसा दिया गया है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्दोष लोगों को राहत दी जाए तथा वास्तविक दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार तिवारी, जयप्रकाश धनगर, भरत मणि त्रिपाठी,सदर ब्लाक अध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी गोपाल, जिला प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा, जिला महासचिव रत्नेश मल्ल पिंटू, कुलदीप यादव, शिवशंकर सिंह,अमिताभ यादव, कमलेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।






















































Leave a comment