Latest News / ताज़ातरीन खबरें

शिक्षक-अभिभावक बैठक नियमित रूप से करें आयोजित-जिलाधिकारी

 देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा परिषद शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सभी शिक्षकों एवं पदाधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी एवं  निपुण बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
        जिलाधिकारी ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने के लिए व्यापक जनजागरूकता  पर जोर देते हुए  विद्यालयों में नियमित रूप से शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) आयोजित करने तथा अभिभावकों को विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक अभिभावकों को अपने बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालयों में कराने के लिए प्रेरित किया जाए।  बैठक में जिलाधिकारी ने शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिक्षक को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। साथ ही शिक्षक संघ के पदाधिकारियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों एवं समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया।
 शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने विद्यालयों में साफ-सफाई व्यवस्था, विभिन्न गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी, विद्यालयों के आधारभूत ढांचे के विकास तथा छात्र-छात्राओं के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने से संबंधित समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
  जिलाधिकारी ने शिक्षकों से सकारात्मक सोच के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को यह संदेश देना चाहिए कि परिषदीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे अभिभावकों का विश्वास बढ़ेगा और नामांकन में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों का निरीक्षण सकारात्मक रूप से हो एवं सुधार भी इसी तरीके से लाना चाहिए। मानिटरिंग भी सहयोगात्मक स्वभाव से किया जाए, जिससे बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता बढ़े इसके लिए सभी को कार्य करना चाहिए। 
 बैठक में उप खंड शिक्षा अधिकारी देवमुनि वर्मा सहित बेसिक शिक्षा परिषद शिक्षक संघ के पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh