Latest News / ताज़ातरीन खबरें

पांच दिन बाद भी कपरवार सेतु बंद, राहगीरों की मुश्किलें बरकरार

देवरिया।राप्ती नदी पर स्थित कपरवार सेतु को सुरक्षा कारणों से बंद किए जाने के पांच दिन बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। सेतु पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक जारी रहने से गोरखपुर और देवरिया के बीच आने-जाने वाले हजारों लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से अब तक छोटे वाहनों और आम यात्रियों के लिए प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, कर्मचारी, व्यापारी और मरीज पुल के दोनों ओर वाहन बदलने को मजबूर हैं। यात्री एक तरफ वाहन से उतरकर पैदल सेतु पार करते हैं और दूसरी ओर पहुंचकर दूसरा वाहन पकड़ते हैं। इससे समय के साथ आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।

समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अर्जुन सिंह ने कहा कि सेतु बंद हुए पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन न तो निर्माण कार्य शुरू हुआ है और न ही प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए कोई ठोस व्यवस्था की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और संबंधित विभाग लोगों की समस्याओं के प्रति उदासीन बने हुए हैं। उन्होंने मांग की कि सेतु निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए तथा जब तक निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक आम लोगों के लिए प्रभावी डायवर्जन और वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो क्षेत्रीय जनता आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान अभिषेक साहनी, राहुल साहनी, रवींद्र कुमार, नरसिंह निषाद, बबलू हरिजन, मलखा हरिजन, भरत, जितेंद्र जायसवाल एवं सुरेंद्र जायसवाल सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

उधर, संबंधित विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सेतु निर्माण की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही कार्य प्रारंभ कराने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक कार्य शुरू होने की स्पष्ट तिथि घोषित नहीं की गई है।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh