बिजली संकट को लेकर बरहज वासियों में आक्रोश: एक सप्ताह में व्यवस्था नहीं सुधरी तो आमरण अनशन, विद्युत कार्यालय में तालाबंद
देवरिया। भीषण विद्युत कटौती से परेशान बरहज नगरवासियों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में नगर के व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से आंदोलन का बिगुल फूंकने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि सोमवार को तहसील दिवस के अवसर पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि सात दिनों के भीतर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके तहत क्रमिक अनशन, आमरण अनशन, विद्युत विभाग के कार्यालय पर तालाबंदी, तथा जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रमों और चुनाव में उनके बहिष्कार जैसे कड़े कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण बरहज की जनता लंबे समय से बिजली संकट झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा और नगरवासियों को अपने अधिकारों के लिए स्वयं सड़क पर उतरना होगा।
बैठक को पूर्व चेयरमैन अजीत जायसवाल, पूर्व प्राचार्य प्रो. अजय कुमार मिश्र, सचिन सिंह, प्रदीप जायसवाल, प्रदीप गुप्ता, जितेंद्र भारत, अमित जायसवाल, जितेंद्र शर्मा, मनोज गुप्ता, मुकेश पटेल सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारियों और नगरवासियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन विद्यानंद पांडेय ने किया।नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक रूप ले सकता है























































Leave a comment