सरायमीर में लो वोल्टेज और बिजली कटौती पर किसान संगठनों का प्रदर्शन, अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन
फूलपुर/आजमगढ़, 4 जुलाई 2026। सरायमीर क्षेत्र में लगातार हो रही लो वोल्टेज और विद्युत कटौती से परेशान किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर सोशलिस्ट किसान सभा एवं पूर्वांचल किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड फूलपुर को ज्ञापन सौंपा।
किसान नेताओं ने बताया कि वार्ता के दौरान अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि सरायमीर की बिजली समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन क्षेत्रीय विरोध के कारण इसे सुदनीपुर से नहीं जोड़ा जा सका। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इससे फूलपुर की बिजली व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी और सरायमीर क्षेत्र को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलेगी। साथ ही कोरौली फीडर को दो भागों में विभाजित कर रोपाई के मौसम में किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में मांग की गई कि सरायमीर क्षेत्र को जल्द से जल्द लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से राहत दिलाई जाए तथा शासन-प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करे।
किसान संगठनों ने आरोप लगाया कि सरायमीर जैसे बड़े कस्बे और घनी आबादी वाले क्षेत्र में आज तक बड़े पावर हाउस का निर्माण न होना सरकार और विद्युत विभाग की उपेक्षा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के हजारों लोग विदेशों में रोजगार कर देश की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रहे हैं, लेकिन अपने ही क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
वार्ता के दौरान विद्युत विभाग ने बताया कि पेडरा में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र के अलावा सरायमीर क्षेत्र में भी एक नए विद्युत उपकेंद्र का प्रस्ताव तैयार किया गया है। किसान नेताओं ने मांग की कि इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देकर बड़े क्षमता वाले विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया जाए।
ज्ञापन देने वालों में राजीव यादव, वीरेंद्र यादव, कलीम जामेई, अवधेश यादव और जोखन पाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।
























































Leave a comment