डीएम ने रोजगार मेले आयोजित न किए जाने तथा रोजगार उपलब्ध न कराने पर सलेमपुर प्रधानाचार्य का एक माह का वेतन रोका, 11 अगस्त को होगा वृहद रोजगार मेला, करें बृहद प्रचार प्रसार
देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आईटीआई एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान आईटीआई से पासआउट छात्रों के प्लेसमेंट को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने रोजगार मेले आयोजित न किए जाने तथा छात्रों को रोजगार उपलब्ध न कराने पर प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई सलेमपुर का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही सभी आईटीआई प्रधानाचार्यों को आगाह किया कि प्रत्येक ट्रेड में कम से कम 60 प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करें, तभी उनका वेतन आहरित होगा। इसके लिए उन्होंने 11 अगस्त को वृहद रोजगार मेले के आयोजन तथा उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक से अधिक कंपनियों को आमंत्रित कर प्रतिभाग सुनिश्चित कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने रोजगार मेले में सक्रिय सहभागिता न करने पर सभी प्रधानाचार्यों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने व्यापार एवं उद्योग बंधु की बैठकों में प्रतिभाग करने, आईटीआई उत्तीर्ण छात्रों की अप्रेंटिसशिप कार्यदायी संस्थाओं में कराने तथा अभ्युदय कोचिंग से यूट्यूब लाइव के माध्यम से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही सेवायोजन विभाग से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार दिलाने तथा कौशल विकास विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी ट्रेडों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर छात्रों में ऐसा कौशल विकसित किया जाए, जिससे वे रोजगार प्राप्त करने में सक्षम बन सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने प्रत्येक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में प्लेसमेंट सेल स्थापित करने तथा तीन सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों एवं साक्षात्कार में प्रतिभाग के लिए समिति के माध्यम से छात्रों को प्रशिक्षित एवं कौशलयुक्त बनाया जाए।
बैठक में आईटीआई के प्रधानाचार्यगण तथा कौशल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
























































Leave a comment