आजमगढ़: सर्राफा कारोबारी की दुकान में घुसकर मारपीट, जान से मारने की धमकी; केस दर्ज
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज कस्बे में एक सर्राफा कारोबारी की दुकान में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित शिवसागर बरनवाल के अनुसार, शुक्रवार दोपहर वह अपनी सर्राफा दुकान पर पुत्र अपूर्व बरनवाल और ग्राहकों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान आरोप है कि सोनू सोनकर अपने दो-तीन साथियों के साथ दुकान में पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर आरोपितों ने अपूर्व बरनवाल के साथ मारपीट की।
पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपित फर्जी एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर फंसाने की धमकी देकर चले गए। घटना के बाद व्यापारी परिवार में दहशत का माहौल है। शिवसागर बरनवाल ने देवगांव कोतवाली में तहरीर देकर परिवार की सुरक्षा और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि थाना देवगांव क्षेत्र के कटघर लालगंज स्थित सर्राफा दुकान पर गाली-गलौज और मारपीट की घटना के संबंध में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
























































Leave a comment