Crime News / आपराधिक ख़बरे

पवई में PRV पुलिसकर्मियों पर हमला कर सरकारी मोबाइल व नकदी लूटने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़। थाना पवई क्षेत्र में डायल-112 की पीआरवी टीम पर हमला कर सरकारी सीयूजी मोबाइल और नकदी लूटने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सरकारी मोबाइल और ₹700 नकद बरामद कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पवई पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे डायल-112 पर प्राप्त सूचना के आधार पर पीआरवी-7470 पर तैनात कांस्टेबल भीमसेन और होमगार्ड चालक बलिराम चौहान ग्राम चकराम गरीब में पारिवारिक विवाद की सूचना पर पहुंचे थे।

मौके पर पूछताछ के दौरान मनोज बिंद, विनय बिंद, संतोष बिंद और वंशराज बिंद समेत अन्य लोगों ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में पुलिसकर्मियों की नेमप्लेट तोड़ दी गई, सरकारी कार्य में बाधा डाली गई, उन्हें बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी गई तथा सरकारी सीयूजी मोबाइल और कांस्टेबल की जेब से ₹700 लूट लिए गए।

घटना के बाद थाना पवई पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 5 जुलाई को उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा व पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर खण्डौरा अंडरपास के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज बिंद, विनय बिंद, संतोष बिंद और वंशराज बिंद, निवासी ग्राम चकराम गरीब, थाना पवई के रूप में हुई है। पुलिस ने मनोज बिंद के कब्जे से लूटा गया सरकारी सीयूजी मोबाइल तथा अन्य आरोपियों के पास से कुल ₹700 नकद बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh