Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: खतौनी में नाम मिसमैच पर डीएम सख्त, लापरवाह लेखपालों पर होगी कार्रवाई, भू-माफियाओं पर भी कसेगा शिकंजा

आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर, राजस्व वसूली एवं राजस्व वादों के निस्तारण की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य न होने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

जीएसटी वसूली में तेजी लाने के निर्देश

 

बैठक के दौरान जीएसटी राज्य कर विभाग की राजस्व वसूली लक्ष्य से कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

 

खतौनी में नाम मिसमैच पर लेखपालों को चेतावनी

 

जिलाधिकारी ने खतौनी में नाम मिसमैच से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि त्रुटिपूर्ण अंश सुधार के ऑनलाइन आवेदनों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन लेखपालों के विरुद्ध बार-बार शिकायतें मिल रही हैं, उनकी जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।

 

भू-माफियाओं पर होगी कड़ी कार्रवाई

 

बैठक में जिलाधिकारी ने तहसीलवार बड़े भू-माफियाओं को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के आधार पर जांच टीम गठित कर निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों को भू-माफिया घोषित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण पर जोर

 

जिलाधिकारी ने धारा-24, धारा-116, धारा-38, धारा-34 एवं धारा-80 के अंतर्गत लंबित राजस्व वादों की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा ताकि आम जनता को समय पर न्याय मिल सके।

 

बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, सभी एसडीएम, तहसीलदार, एआईजी स्टाम्प, जिला आबकारी अधिकारी, एआरटीओ, नायब तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh