Latest News / ताज़ातरीन खबरें

प्रेमी के लिए मां ने जिगर के टुकड़े का किया कत्ल पति को सुनाई अजीब कहानी; इस डर से परिवार के सामने कबूला सच

मेरठ। मुंडाली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने ही सात माह के मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्चे की मौत को बीमारी बताने वाली महिला से उसके पति ने सख्ती से पूछताछ की। पति का दावा है कि पूछताछ के दौरान महिला ने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, गढ़ रोड स्थित मुरलीपुर फूल गांव निवासी अमित तोमर की शादी वर्ष 2023 में मुरादाबाद निवासी मीनाक्षी चौहान से हुई थी। दंपती के दो बेटे हैं, जिनमें दो वर्षीय रुद्र और सात माह का रुद्रांश शामिल था। अमित एक चिकित्सक के यहां कार चालक के रूप में कार्यरत हैं। अमित तोमर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी का दिल्ली निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब 20 दिन पहले पत्नी के मोबाइल फोन में संदिग्ध कॉल और संदेश मिलने पर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। इसके बाद परिवार के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर कहासुनी हुई थी। तहरीर के अनुसार, 30 मई को अमित काम के सिलसिले में सहारनपुर गए हुए थे। इसी दौरान मीनाक्षी ने फोन कर बताया कि छोटे बेटे रुद्रांश की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे डॉक्टर के पास ले जाया जा रहा है। कुछ देर बाद उसने बच्चे की मौत की सूचना दी। शोक में डूबे परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के बच्चे के शव को दफना दिया। अमित को शुरू से ही घटना पर संदेह था। सोमवार को जब उन्होंने पत्नी से सख्ती से पूछताछ की और शव का पोस्टमार्टम कराने तथा पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही, तो महिला कथित तौर पर टूट गई और उसने बच्चे की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद अमित ने मुंडाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, जिला प्रशासन के आदेश पर मंगलवार को बच्चे के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh