कुवैत भेजने के नाम पर ₹2.24 लाख की ठगी, फर्जी वीजा-टिकट देने वाला आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। सरायमीर पुलिस ने कुवैत में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹2.24 लाख की ठगी करने और फर्जी वीजा व हवाई टिकट उपलब्ध कराने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर खरेवां मोड़ से दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को सरायमीर थाना क्षेत्र के गंगापुर बिजौरा निवासी राजू राम ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गोरखपुर निवासी संदीप ठाकुर ने उनके दो रिश्तेदारों को कुवैत में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग किश्तों और नकद के माध्यम से कुल ₹2.24 लाख वसूल लिए। इसके बाद उसने कुवैत का फर्जी वीजा और हवाई टिकट उपलब्ध कराया, जो दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच के दौरान फर्जी पाए गए। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में थाना सरायमीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी फूलपुर एवं प्रभारी निरीक्षक सरायमीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर खरेवां मोड़ से आरोपी संदीप ठाकुर पुत्र जयप्रकाश ठाकुर, निवासी धरमपुर/92 गीता वाटिका, थाना शाहपुर, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने बचाव में न्यायालय में पक्ष रखने की बात कही। पुलिस ने उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी के खिलाफ सरायमीर थाने में मुकदमा संख्या 144/2026 के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेजों के प्रयोग, गाली-गलौज, धमकी तथा एससी/एसटी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार यादव, हेड कांस्टेबल धीरज मिश्रा और महिला कांस्टेबल संजू सिंह शामिल रहीं।

























































Leave a comment