Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

शादी समारोह में भोजन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या का आरोपी अजीत यादव उर्फ भन्टा गिरफ्तार, तमंचा व बाइक बरामद

आजमगढ़। जनपद के थाना मेंहनाजपुर क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई की रात ग्राम डण्डवल में एक शादी समारोह के दौरान भोजन करने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें प्रितोष राजभर गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इस संबंध में मृतक की मां चन्द्रकला की तहरीर पर थाना मेंहनाजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। 9 जुलाई की रात करीब 1:40 बजे करसड़ा नहर पुलिया के पास पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अजीत यादव उर्फ भन्टा भागने लगा और बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देखकर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने भाई आशीष यादव और अन्य साथियों के साथ शादी समारोह में गया था, जहां भोजन को लेकर विवाद के बाद प्रितोष राजभर और ओटू राजभर पर लाठी-डंडों से हमला किया गया था।

बरामदगी

  • एक अवैध देशी तमंचा (.315 बोर)
  • एक जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस एवं तीन खोखा कारतूस (.315 बोर)
  • एक मोटरसाइकिल

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार अजीत यादव उर्फ भन्टा के विरुद्ध हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, बलवा सहित कुल सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh