रेलवे परिसर बना नगर का कूड़ाघर
देवरिया।भटनी,एक ओर सरकार स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं स्थानीय आदर्श नगर पंचायत भटनी के केवड़ा चौराहे से दक्षिण स्थित रेलवे परिसर इन दिनों नगर के कूड़े का स्थायी केंद्र हो गया है ।
यहां सड़े-गले कूड़े और गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।
प्रतिदिन रेलवे स्टेशन से होकर हजारों यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन स्टेशन के समीप फैली गंदगी स्वच्छता अभियान के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत के सफाई कर्मी नालियों और चौराहों से एकत्रित कूड़े को रेलवे परिसर में डालकर अपनी जिम्मेदारी पूरी समझ लेते हैं, जबकि रेलवे और नगर प्रशासन दोनों ही इसकी जिम्मेदारी लेने से बचते नजर आ रहे हैं।
आक्रोशित नागरिकों ने नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार गुप्त एवं रेलवे के उच्च अधिकारियों से तत्काल सफाई कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब जिम्मेदार विभाग ही एक-दूसरे के पाले में गेंद डालते रहेंगे, तो स्वच्छता अभियान केवल सरकारी पोस्टरों और भाषणों तक ही सीमित रह जाएगा।
नगर को स्वच्छ बनाने का अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा है, लेकिन कूड़ा भी शायद सरकारी दावों पर भरोसा नहीं करता, इसलिए वह सीधे रेलवे परिसर में जाकर अपना स्थायी ठिकाना बना चुका है। अब देखना यह है कि पहले कूड़ा हटता है या जिम्मेदारों की चुप्पी।























































Leave a comment