हल्की बारिश में सीएचसी लार का परिसर हुआ जलमग
देवरिया।स्थानीय नगर पंचायत लार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लार के प्रांगण में थोड़ी सी बारिश के बाद ही भारी जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। हल्की फुहारों ने ही अस्पताल प्रशासन और जल निकासी के दावों की पोल खोल कर रख दी है। पूरे परिसर में पानी भर जाने के कारण यहाँ आने वाले मरीजों और आने जाने वालों को भारी कठिनाइयो का सामना करना पड़ रहा है।बुधवार को दिन में हुई हल्की बारिश के बाद सीएचसी लार का पूरा परिसर तालाब में तब्दील हो गया। मुख्य द्वार से लेकर ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड तक जाने वाले रास्ते पर पानी लग गया है। लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी गंभीर रूप से बीमार मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को हो रही है, जिन्हें अस्पताल के कर्मचारी किसी तरह पानी के बीच से बचाते हुए अस्पताल के भीतर ले जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अस्पताल परिसर में पानी की निकासी के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। जलजमाव के कारण परिसर में गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है जिससे अस्पताल आने वाले लोगों में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी सता रहा है। लोगों का आरोप है कि हर साल बरसात में यही स्थिति बनती है लेकिन इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक डॉ अतुल कुमार का कहना है कि जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए नगर पंचायत और संबंधित अधिकारियों को अवगत करा इसका समाधान कराया जाएगा।























































Leave a comment