Latest News / ताज़ातरीन खबरें

घाघरा-छोटी गंडक का जलस्तर बढ़ा, शिकायत के बाद भी नहीं हुई चूरियां बंधे की मरम्मत

देवरिया लार:- जनपद के लार थाना क्षेत्र की ग्राम सभा चुरिया में स्थित चुरिया-मानिकपुर बंधा जर्जर होने के बावजूद अब तक उसकी मरम्मत नहीं हो सकी है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया है। उधर घाघरा और छोटी गंडक नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार साही और अन्य जंगली जानवरों ने बंधे को जगह-जगह खोद दिया है। इससे बंधे की मिट्टी ढीली पड़ गई है और उस पर साफ दरारें दिखाई दे रही हैं। यह बंधा चुरिया गांव की सुरक्षा का एकमात्र सहारा है, जो तीन तरफ से नदी से घिरा हुआ है।
शिकायत के बाद भी नहीं पहुंची टीम
ग्राम प्रधान सुनील ठाकुर, समाजसेवी शिवम सिंह, सुनील सिंह, अनुराग सिंह सहित दर्जनों ग्रामीणों ने पहले ही प्रशासन से बरसात से पहले बंधे का सर्वे कराकर मरम्मत कराने की गुहार लगाई थी। लेकिन शिकायत के बाद भी अब तक कोई सरकारी टीम मौके पर नहीं पहुंची है।
ग्रामीणों का कहना है कि घाघरा और छोटी गंडक का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। हर साल बरसात में बंधे से रिसाव होता था, लेकिन इस बार स्थिति अधिक गंभीर है। अगर पानी का बहाव और बढ़ा और बंधा टूटा, तो चुरिया सहित आसपास के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ जाएंगे। इससे खेत-खलिहान, घर-मकान डूबने और जन-धन की भारी हानि की आशंका है।
बंधे की जर्जर स्थिति और नदियों में बढ़ते पानी को देखकर गांव में दहशत है। ग्रामीणों ने सिंचाई/बाढ़ नियंत्रण विभाग से तुरंत मौके पर पहुंचकर बंधे को दुरुस्त करने की अपील की है। उनका कहना है कि जनहित में तत्काल कार्रवाई की जाए ताकि बड़ा हादसा होने से बचाया जा सके।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh