आजमगढ़: डायल-112 के दो पुलिसकर्मी निलंबित, पीआरवी हादसे की सूचना छिपाना पड़ा भारी
आजमगढ़। कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने डायल-112 के दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान सामने आया कि यूपी डायल-112 में तैनात मुख्य आरक्षी बृजलाल पटेल तथा आरक्षी कमलेश कुमार गौड़, जो वर्तमान में थाना जहानागंज की पीआरवी पर तैनात हैं, ने 5 जुलाई को पीआरवी चालक राधेश्याम द्वारा वाहन को लापरवाही से चलाते हुए दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त कर देने की घटना की सूचना न तो कंट्रोल रूम को दी और न ही अपने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
जांच में दोनों पुलिसकर्मियों की लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता प्रथम दृष्टया सामने आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दंड एवं अपील नियमावली-1991 के तहत दोनों के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित करते हुए निलंबन की कार्रवाई की।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा तथ्यों को छिपाने की प्रवृत्ति किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।























































Leave a comment