मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ
देवरिया ।जनपद के देवरिया क्लब में आज माननीय मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 की डीबीटी योजना के शुभारंभ के अवसर पर जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हस्तकला संकुल (Trade Facilitation Centre), वाराणसी में संपन्न हुआ, जिसका सजीव प्रसारण जनपद एवं तहसील मुख्यालयों पर किया गया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम्य विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम रहीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य, खंड शिक्षा अधिकारी देवमुनि वर्मा, विनय शील मिश्र, गोपाल मिश्र, उपेंद्र भारती, विजय कुमार ओझा एवं अफजल, क्षेत्रीय प्रबंधक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, गोरखपुर, सहित जनपद के अनेक अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विजयलक्ष्मी गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विगत नौ वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। परिषदीय विद्यालयों के भौतिक परिवेश, शैक्षणिक गुणवत्ता एवं मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कार्मिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जिससे वे सूचीबद्ध चिकित्सालयों में कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री द्वारा बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। साथ ही शैक्षिक सत्र 2026-27 हेतु डीबीटी योजना के शुभारंभ की जानकारी भी दी गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की रूपरेखा एवं उसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों को गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम का सफल संचालन पंकज शुक्ला ने किया। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक अंकित मिश्रा, ज्ञानेन्द्र सिंह, आशुतोष सिंह, अमित श्रीवास्तव, कुलदीप कुमार, जय गणेश विश्वकर्मा एवं श्रीमती प्रतिभा शर्मा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे।























































Leave a comment