आजमगढ़: नाबालिग बिक्री कांड में रौनापार पुलिस को बड़ी सफलता, राजस्थान का पांचवां आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर राजस्थान में बेचने के सनसनीखेज मामले में थाना रौनापार पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर 12 अक्टूबर 2024 को थाना रौनापार में मु.अ.सं. 395/2024 के तहत धारा 137(2)/87 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में धारा 61(2), 98, 99, 70(1) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं। जांच में सामने आया कि नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर बेच दिया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में 30 जून 2026 को सुबह करीब 8:45 बजे उपनिरीक्षक चन्द्रदेव यादव ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित सह-अभियुक्त धर्मचन्द सैनी उर्फ धर्मराज सैनी, पुत्र सीताराम सैनी, निवासी मेहरासर चाचेरा, थाना सरदारशहर, जनपद चूरू (राजस्थान) को ग्राम चिलबिली दान स्थित सरदार पटेल इंटर कॉलेज मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक चन्द्रदेव यादव के साथ कांस्टेबल मन्दू यादव और कांस्टेबल अर्जुन कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



























































Leave a comment