आजमगढ़ का गौरव: सगड़ी के डॉ. डी.डी. सिंह को एक ही दिन मिले दो अंतरराष्ट्रीय सम्मान
लखनऊ/आजमगढ़। आजमगढ़ जिले की सगड़ी तहसील के निवासी और समाजसेवी डॉ. डी.डी. सिंह को रक्तदान को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए एक ही दिन दो प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया। उन्हें नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड तथा वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस (इंग्लैंड) सम्मान प्रदान किया गया।
राजधानी लखनऊ स्थित बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में निफा उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित "संवेदना-2 सम्मान समारोह" में यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान, विशिष्ट अतिथि बीबीएयू के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल, वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस (इंग्लैंड) के वाइस चेयरमैन संजय पांजवानी, निफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अश्विनी शेट्टी तथा अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने डॉ. डी.डी. सिंह को सम्मानित करते हुए रक्तदान, सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य और जनसेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. डी.डी. सिंह ने कहा, "यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि पूरे आजमगढ़ और सगड़ी क्षेत्र के रक्तदाताओं और समाजसेवियों का सम्मान है। मैं सभी रक्तवीरों और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।"
निफा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार दूबे ने बताया कि यह सम्मान समाज कल्याण, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, झारखंड सहित कई राज्यों से आए रक्तवीरों, समाजसेवियों और निफा पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।



























































Leave a comment