अयोध्या में प्रभु राम के दर्शन से पहले ही कांग्रेसी नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट
देवरिया।उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी,देवरिया के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' के नेतृत्व में जनपद से कांग्रेसजन मंगलवार प्रातः अयोध्या के लिए रवाना होने वाले थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रातः 11:00 बजे प्रभु श्रीराम जी के दर्शन एवं पूजन में सम्मिलित होना था।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व ही सोमवार देर रात्रि पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन', पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी, नागेंद्र शुक्ला, मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी, हरिहर त्रिपाठी तथा विजय कुशवाहा को उनके आवासों पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया। इसके चलते जनपद के अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता अयोध्या के लिए प्रस्थान नहीं कर सके और निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होकर प्रभु श्रीराम जी के दर्शन-पूजन से वंचित रह गए।
जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' ने प्रशासन की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं धार्मिक आस्था से जुड़ा था। ऐसे कार्यक्रम में शामिल होने से रोकना नागरिकों के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और सभी धर्मों के सम्मान की भावना में विश्वास करती है तथा धार्मिक आस्था के कार्यक्रम में शामिल होने से रोकना उचित नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेसजन प्रभु श्रीराम को आस्था, मर्यादा, न्याय और लोककल्याण का प्रतीक मानते हैं। अयोध्या जाकर दर्शन-पूजन करना प्रत्येक श्रद्धालु का अधिकार है, जिसे प्रशासनिक कार्रवाई के माध्यम से बाधित किया गया। यह घटना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़ी करती है।
जिला उपाध्यक्ष भरत मणि त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा एवं जिला महासचिव रत्नेश मल्ल 'पिंटू' ने संयुक्त रूप से प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और जनभावनाओं की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेगी। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण कार्यक्रमों में अनावश्यक प्रतिबंध लगाना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी भविष्य में भी संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक सद्भाव और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ संघर्ष जारी रखेगी।


























































Leave a comment