नगर पंचायत बरियारपुर के औचक निरीक्षण में पहुंचे डीएम, जनसुविधाओं पर दिया जोर
•जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समय से जारी करें, किसी आवेदक को न भटकना पड़े-डीएम
देवरिया ।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज 5:00 बजे के पूर्व लगभग 4.50 बजे नगर पंचायत बरियारपुर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया, जिसमें सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए।
जिलाधिकारी ने कार्यालय में साफ-सफाई, चल रहे निर्माण कार्यों तथा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी किए जाने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में पूछताछ भी की।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा संचालित निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र से संबंधित कोई भी आवेदन किसी स्तर पर लंबित न रहे तथा निर्धारित समयावधि में प्रमाण-पत्र जारी किए जाएं। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए किसी भी आवेदक को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सफाई कर्मचारियों, उपलब्ध संसाधनों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि नगर पंचायत में 40 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं तथा नियमित रूप से सफाई कार्य कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनसुविधाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश राजभर सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।


























































Leave a comment