Health News / स्वास्थ्य समाचार

मझवारा में आयुर्वेदिक एवं योग शिविर का आयोजन, 45 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

घोसी।मऊ। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में मझवारा में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय द्वारा विशेष आयुर्वेदिक एवं योग शिविर का आयोजन किया गया। प्रभारी चिकित्साअधिकारी डॉ. मो. आमिर के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में विभिन्न रोगों से पीड़ित करीब 45 मरीजों का निःशुल्क परीक्षण, उपचार एवं औषधि वितरण किया गया।
शिविर में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कब्ज, अम्लपित्त, पेट संबंधी विकार, जोड़ों का दर्द, गठिया एवं सूजन जैसी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों की आयुर्वेदिक पद्धति से जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं। साथ ही चिकित्सकों ने संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और परहेज संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव देकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान योग प्रशिक्षक सर्वजीत ने उपस्थित ग्रामीणों को रोगानुसार प्राणायाम, योगासन एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से उच्च रक्तचाप, मधुमेह और गठिया जैसे रोगों के प्रभाव को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है और शरीर को दीर्घकालिक लाभ मिलता है।
ग्राम प्रधान सत्येंद्र कुमार ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं क्योंकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को बिना खर्च बेहतर चिकित्सा परामर्श और उपचार मिल पाता है। शिविर के सफल आयोजन में मुस्तफा का भी सराहनीय योगदान रहा।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh