आजमगढ़: सोशल मीडिया पर गैंगबाजी पड़ी भारी, बाइक से दहशत फैलाने वाले 3 युवकों पर पुलिस की कार्रवाई
आजमगढ़/निजामाबाद। ऑपरेशन वज्रपात के तहत निजामाबाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंगबाजी का प्रदर्शन कर क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले तीन युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने तीनों का धारा 126/135/170 बीएनएस के तहत चालान करते हुए उनके अभिभावकों की मौजूदगी में काउंसलिंग कर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं सीओ सदर आस्था जायसवाल के नेतृत्व में थाना निजामाबाद पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर बढ़ती गैंग संस्कृति पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ युवक इंस्टाग्राम पर "0222 गैंग" नाम से ग्रुप बनाकर उसका प्रदर्शन कर रहे हैं। बताया गया कि ये युवक मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ समूह में क्षेत्र में घूमते थे, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही थी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों की पहचान कर उन्हें थाना परिसर बुलाया। वहां उनके माता-पिता की उपस्थिति में काउंसलिंग की गई और कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों के पालन तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्रवाई की जद में आए युवक
- सतीश कुमार पुत्र ओमप्रकाश, उम्र 21 वर्ष
- रविन्द्र नाथ पुत्र लहरू, उम्र 25 वर्ष
- संदीप कुमार पुत्र लालसू राम, उम्र 22 वर्ष
तीनों निवासी ग्राम रामपुर अबुसईद, नेवादा, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ के रहने वाले हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने, कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या आमजन में भय का माहौल पैदा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



















































Leave a comment