आजमगढ़: 1930 पर शिकायत से मिली राहत, गम्भीरपुर पुलिस ने साइबर फ्रॉड के 6 हजार रुपये लौटाए
आजमगढ़। थाना गम्भीरपुर की साइबर टीम ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी की शिकार युवती के 6,000 रुपये वापस उसके बैंक खाते में पहुंचा दिए। पुलिस की सक्रियता से यूपीआई के माध्यम से हुई ठगी की पूरी धनराशि सुरक्षित वापस कराई गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम फैजुल्लापुर निवासी मंशिका यादव, पुत्री हंशराज यादव, के यूनियन बैंक खाते से गूगल पे (UPI) के माध्यम से 6,000 रुपये की धोखाधड़ी हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होते ही थाना गम्भीरपुर की साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच में पुष्टि हुई कि आवेदिका के साथ यूपीआई के जरिए साइबर फ्रॉड हुआ है। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फ्रॉडस्टर के खाते में गई पूरी 6,000 रुपये की राशि को फ्रीज करा दिया।
बाद में MRM पोर्टल के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पूरी धनराशि पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने पर मंशिका यादव ने गम्भीरपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विपिन कुमार द्विवेदी एवं महिला कांस्टेबल सुषमा सरोज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार का साइबर फ्रॉड हो जाए तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित कर वापस दिलाने की कार्रवाई की जा सके।



















































Leave a comment