आजमगढ़: अवैध मदरसे के नाम पर 62.84 लाख रुपये के गबन का मामला, SIT जांच के बाद आरोपी मो. इलियास गिरफ्तार
आजमगढ़। थाना रानी की सराय पुलिस ने अवैध मदरसे के नाम पर 62.84 लाख रुपये की शासकीय अनुदान धनराशि के गबन के मामले में वांछित अभियुक्त मो. इलियास को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने मदरसा पोर्टल पर फर्जी दस्तावेज अपलोड कर सरकारी धनराशि हड़पने का प्रयास किया था। SIT/EOW की जांच में मामला उजागर होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, राज्य विशेष अपराध अनुसंधान दल (EOW), मुख्यालय लखनऊ की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह मामला सामने आया। जांच में पाया गया कि मदरसा शरीफुल उलूम गोसड़ी, शिक्षा क्षेत्र मोहम्मदपुर, जनपद आजमगढ़ के प्रबंधक मो. इलियास ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें असली के रूप में प्रस्तुत किया और फर्जी तरीके से 62,84,000 रुपये की शासकीय अनुदान धनराशि के गबन का प्रयास किया।
इस मामले में थाना रानी की सराय पर मु0अ0सं0-40/2025 के तहत धारा 409, 420, 467, 468 एवं 471 भारतीय दंड संहिता (IPC) में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अभियुक्त मो. इलियास पुत्र मो. हनीफ, निवासी ग्राम गोसड़ी थाना दीदारगंज तथा हाल पता खोवा मंडी, कस्बा सरायमीर का नाम प्रकाश में आया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दीदारगंज एवं थाना रानी की सराय पुलिस की संयुक्त टीम ने 13 जून 2026 को सुबह 9:40 बजे थाना रानी की सराय गेट के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की आयु लगभग 63 वर्ष बताई गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पंकज सिंह (थाना दीदारगंज) एवं आरक्षी प्रवीश कुमार (थाना रानी की सराय) शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



















































Leave a comment