आजमगढ़: अहरौला पुलिस की तत्परता से साइबर ठगी के शिकार प्रवीण को छह महीने बाद मिले 37,475 रुपये वापस
आजमगढ़। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच थाना अहरौला की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को छह महीने बाद उसकी पूरी धनराशि वापस दिलाने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार थाना अहरौला क्षेत्र के फतेहपुर निवासी प्रवीण कुमार पुत्र रामपरित 27 दिसंबर 2025 को साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी कर उनके बैंक खाते से 37,475 रुपये निकाल लिए थे।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही थाना अहरौला की साइबर हेल्प डेस्क टीम सक्रिय हो गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई धनराशि को संबंधित बैंक खाते में होल्ड करा दिया।
इसके बाद न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त कर पूरी धनराशि 37,475 रुपये पीड़ित प्रवीण कुमार के खाते में वापस कराई गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने उत्तर प्रदेश पुलिस एवं थाना अहरौला की साइबर टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए। समय पर सूचना मिलने से ठगी गई रकम वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।



















































Leave a comment