Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में वीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर 13 जून को बड़े वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में 13 जून को आयोजित होने वाले वीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने बड़े वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था 13 जून को सुबह 8:00 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मऊ एवं शाहगंज की ओर से आने वाले तथा आजमगढ़ शहर से जाने वाले बड़े वाहनों को छतवारा चौराहा से डायवर्ट कर नरौली चौराहा, जामुरी, चन्देश्वर चौराहा और पकड़ी मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

वहीं गाजीपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को जामुरी चौराहा से डायवर्ट कर नरौली चौराहा, पकड़ी और चन्देश्वर चौराहा होते हुए आगे भेजा जाएगा। इसके अलावा जामुरी चौराहा से छतवारा चौराहा होते हुए विश्वविद्यालय मार्ग पर बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह डायवर्जन छोटे वाहनों, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहनों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों पर लागू नहीं होगा।

पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

किसी भी आपात स्थिति में नागरिक पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh