बाल श्रम के खिलाफ सुलतानपुर में जागरूकता अभियान, डीएम ने हरी झंडी दिखाकर टीम को किया रवाना
•अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस पर लोगों से बच्चों को स्कूल भेजने और 2027 तक प्रदेश को बाल श्रम मुक्त बनाने में सहयोग की अपील ।
सुलतानपुर। अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और लोगों से बाल श्रम के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों से मजदूरी कराना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य के साथ भी अन्याय है। उन्होंने अभिभावकों एवं नागरिकों से अपील की कि वे बच्चों को शिक्षा से जोड़ें और उन्हें विद्यालय अवश्य भेजें, ताकि उनका शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास हो सके तथा वे देश के जिम्मेदार और स्वस्थ नागरिक बन सकें।
जागरूकता टीम ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। बस स्टेशन, कुड़वार नाका, सब्जी मंडी, गुड़ मंडी, गल्ला मंडी, चौक तथा डाकखाना चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया गया। इस दौरान नागरिकों से संकल्प दिलाया गया कि वे अपने आसपास किसी भी बच्चे से मजदूरी नहीं कराएंगे और यदि कहीं बाल श्रम होता दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को देंगे।
अभियान के माध्यम से प्रदेश सरकार के वर्ष 2027 तक उत्तर प्रदेश को बाल श्रम मुक्त प्रदेश बनाने के लक्ष्य को भी जन-जन तक पहुंचाया गया। अधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लोगों से इस लक्ष्य की प्राप्ति में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में सहायक श्रम आयुक्त के नेतृत्व में श्रम विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती जुही मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी वी.पी. वर्मा, संरक्षण अधिकारी श्रीमती रूपाली सिंह, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद शुक्ला एवं सदस्य शिवमूर्ति पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा चाइल्ड लाइन की परियोजना समन्वयक श्रीमती पूजा सिंह, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की टीम, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने बाल श्रम उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।



















































Leave a comment