आजमगढ़: शेखपुरा हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, 15 साल पुरानी रंजिश में बुजुर्ग की हत्या, मुठभेड़ में आरोपी घायल
आजमगढ़। थाना कोतवाली पुलिस ने शेखपुरा में 70 वर्षीय भुआल चौहान की गला रेतकर की गई हत्या का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, सीओ नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
सोते समय की गई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, 10/11 जून 2026 की रात वादी कर्मराज चौहान ने सूचना दी थी कि उनके पिता भुआल चौहान घर के बाहर पशुशाला के पास बने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी। मामले में मु0अ0सं0 305/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी
12 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अवैध असलहे के साथ मोटरसाइकिल से एक्सप्रेस-वे की ओर जा रहा है। बंशी बाजार–उकरौड़ा मार्ग पर घेराबंदी के दौरान आरोपी भागने लगा, लेकिन मोटरसाइकिल फिसलने से गिर गया। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। रात करीब 11:45 बजे उसे हिरासत में लेकर जिला अस्पताल भेजा गया।
15 साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
गिरफ्तार आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू (24 वर्ष), पुत्र धीर्जन चौहान, निवासी ग्राम शेखपुरा ने पूछताछ में बताया कि करीब 15 वर्ष पहले उसकी मां के साथ हुई मारपीट को लेकर वह भुआल चौहान से रंजिश रखता था। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते उसने सोते समय चाकू से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया:
- एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
- एक .315 बोर का तमंचा
- एक खोखा कारतूस
- एक जिंदा कारतूस
- दो चाकू
- खून लगा एक गमछा
- खून लगी काली टी-शर्ट
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।



















































Leave a comment