जन चौपाल में गूंजी विकास और जनकल्याण की गाथा, प्रभारी मंत्री ने लाभार्थियों को सौंपी आवास की चाबियां व सहायता राशि
• भदैया के पन्ना टिकरी गांव में आयोजित कार्यक्रम में योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को 15 दिन में सभी पात्रों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश ।
सुलतानपुर। केन्द्र सरकार के विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को विकास खंड भदैया के ग्राम पंचायत पन्ना टिकरी में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम विकास और जनसंपर्क का बड़ा मंच बन गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं का जायजा लिया, लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, सहायता राशि के चेक तथा आवास की चाबियां वितरित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, लम्भुआ विधायक सीताराम वर्मा, जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
जन चौपाल में पहुंचने पर प्रभारी मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया, जबकि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने स्कूल चलो अभियान, पशुपालन, कृषि रक्षा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायती राज, खाद्य एवं रसद विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर आयोजित गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों और महिलाओं को आशीर्वाद भी दिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक पात्र लाभार्थी को समयबद्ध तरीके से लाभ उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं की जमीनी स्थिति जानी और पूछा कि किन योजनाओं का लाभ उन्हें मिला है तथा किन योजनाओं से वे अभी वंचित हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के शेष पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित करने, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण तथा आयुष्मान भारत योजना के सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि केन्द्र और राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अवशेष पात्र लाभार्थियों तक अगले 15 दिनों के भीतर पहुंचाया जाए और इसकी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत श्रीमती आरती एवं विजय कुमार को आवास की चाबियां प्रदान की गईं। कृषि विभाग द्वारा किसानों को बाजरा मिनी किट वितरित की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत उमेश कुमार वर्मा को पांच लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण के लिए डेढ़-डेढ़ लाख रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। वहीं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक देकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
जन चौपाल में ग्रामीणों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं से मिले लाभों का उल्लेख करते हुए संतोष व्यक्त किया और प्रशासनिक प्रयासों की सराहना की। प्रभारी मंत्री ने भी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव की जानकारी ली तथा सरकार द्वारा पिछले वर्षों में किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों का आंकड़ों सहित उल्लेख किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना आवश्यक है। जनकल्याण और विकास के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

























































Leave a comment