आजमगढ़ में भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, डीएम बोले- सरकारी जमीन हड़पने वालों की खैर नहीं
आजमगढ़।जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स की बैठक हरिऔध कला केंद्र ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। बैठक में सरकारी, निजी, ट्रस्ट एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों की भूमि पर अवैध कब्जों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भू-माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा सार्वजनिक भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जाए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने विभाग की अतिक्रमित भूमि की जानकारी संबंधित एसडीएम को उपलब्ध कराते हुए भू-माफियाओं का चिन्हीकरण करें। विशेष रूप से सिंचाई, वन एवं कृषि विभाग की जमीनों पर अवैध कब्जे रोकने पर जोर दिया गया।
डीएम ने भू-माफियाओं को तीन श्रेणियों में चिन्हित करने के निर्देश दिए। पहली श्रेणी में वे लोग शामिल होंगे जो सरकारी भूमि के दस्तावेजों में हेराफेरी एवं कूटरचना करते हैं। दूसरी श्रेणी में ऐसे लोग होंगे जो विवादित जमीन की खरीद-फरोख्त में दलाली करते हैं। तीसरी श्रेणी में वे लोग शामिल होंगे जो पुराने पट्टाधारकों पर मुकदमे कर उनकी जमीन हड़पने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि तहसीलवार भू-माफियाओं की सूची तैयार कर राजस्व एवं पुलिस विभाग के समन्वय से त्वरित कार्रवाई की जाए। भूमि कब्जे से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी या ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने वाले, फर्जी बैनामा या नकली दस्तावेज तैयार करने वाले, गरीब, बुजुर्ग, नि:संतान, विधवा एवं कमजोर लोगों की जमीन हड़पने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। तालाब, सड़क, पार्क एवं अन्य सार्वजनिक भूमि पर अवैध निर्माण करने वालों को भी चिन्हित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में अवैध प्लाटिंग, सरकारी भूमि पर निर्माण और भू-उपयोग परिवर्तन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को राजस्व विभाग के साथ संयुक्त टीम बनाकर चिन्हित स्थलों पर प्रभावी कार्रवाई करने और अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।





















































Leave a comment