लखनऊ बार एसोसिएशन का बड़ा ऐलान, 21 से 26 मई तक अधिवक्ताओं की सामूहिक हड़ताल
•पुलिस कार्रवाई के विरोध में न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे वकील, कई मांगों को लेकर आंदोलन तेज
लखनऊ, 20 मई 2026:Lucknow Bar Association ने बुधवार को आयोजित संयुक्त बार एसोसिएशनों की आम सभा बैठक के बाद बड़ा निर्णय लेते हुए 21 मई से 26 मई 2026 तक अधिवक्ताओं के सामूहिक अवकाश की घोषणा की है। इस दौरान लखनऊ जनपद के सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से पूरी तरह विरत रहेंगे।
बैठक का आयोजन Central Bar Association परिसर में किया गया, जिसकी अध्यक्षता लखनऊ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष G. N. Shukla “चच्चू” एडवोकेट तथा महामंत्री Jitendra Singh Yadav “जीतू” एडवोकेट ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि सेन्ट्रल बार एसोसिएशन द्वारा पारित चार प्रमुख प्रस्तावों का पूर्ण समर्थन किया जाएगा। इनमें सिविल कोर्ट स्थित पुरानी तहसील परिसर की भूमि लखनऊ बार एसोसिएशन को लीज पर दिए जाने की मांग प्रमुख रही। इसके साथ ही पुराने उच्च न्यायालय परिसर में कर्मचारियों के खाली पड़े आवासों की भूमि पर अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर और पार्किंग निर्माण की मांग भी उठाई गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि उच्च न्यायालय में लंबित याचिका की प्रभावी पैरवी के लिए 25 मई 2026 को अध्यक्ष जी० एन० शुक्ला और महामंत्री जितेन्द्र सिंह यादव को अधिकृत किया जाएगा। इसी के मद्देनजर अधिवक्ता 21 मई से 26 मई तक न्यायिक कार्यों से दूर रहेंगे।
अधिवक्ताओं ने 17 मई 2026 को पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही 18 और 19 मई को वजीरगंज तथा कैसरबाग थानों में अधिवक्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने की मांग भी उठाई गई।
बार एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि 26 मई 2026 को दोपहर 2 बजे पुनः संयुक्त बैठक आयोजित कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। संगठन की ओर से पारित प्रस्ताव की प्रतिलिपि जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, जिलाधिकारी, मंडलायुक्त समेत संबंधित प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों को भेजी गई है।






















































Leave a comment