खेत की पैमाइश के नाम पर रिश्वतखोरी! पांच हजार रुपये लेते लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार, दूसरा फरार
मऊ/घोसी/दोहरीघाट। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम आजमगढ़ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत की पैमाइश के नाम पर रिश्वत लेने वाले एक लेखपाल को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान दूसरा लेखपाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। घटना के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, थाना मधुबन क्षेत्र के धर्मपुरा कसायर कैथवली निवासी किसान महेंद्र कुमार पुत्र रामरतन ने एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की थी कि भूमि की पैमाइश कराने के एवज में लेखपाल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले की जांच की और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एंटी करप्शन टीम ने ग्राम कटघर महलू गेट के समीप कार्रवाई करते हुए राजस्व लेखपाल अनिल कुमार निवासी नसीरपुर थाना मधुबन को किसान से पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के पास से केमिकल लगे पांच हजार रुपये भी बरामद किए।
कार्रवाई के दौरान दूसरा आरोपी राजस्व लेखपाल नीरज कुमार चौधरी, हल्का मखमेलपुर, मौके से फरार हो गया। एंटी करप्शन टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
एंटी करप्शन टीम के प्रभारी हरिशंकर कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार लेखपाल को मधुबन थाने लाकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित, आनंद कुमार वर्मा, एसआई ताहिर हुसैन खान, आरक्षी नंदलाल वर्मा, चंदन तिवारी, अमित सिंह, पंकज कुमार, निर्मल कुमार यादव, संतोष कुमार एवं रामअवतार गुप्ता शामिल रहे।
एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में खलबली मच गई है और क्षेत्र में पूरे मामले की चर्चा तेज हो गई है।






















































Leave a comment