हत्या के प्रयास में वांछित आरोपी को भलुअनी पुलिस ने किया गिरफ्तार
देवरिया। जनपद के थाना भलुअनी पुलिस ने हत्या के प्रयास में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना भलुअनी पुलिस ने थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी ब्रह्मा सिंह को गांव के मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध थाना भलुअनी में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 को वादी धीरज सिंह ने थाना भलुअनी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव में लीची के पेड़ से फल तोड़ने को लेकर विवाद हो गया। वादी के माता-पिता द्वारा विरोध करने पर विपक्षीगण गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। घटना में वादी के माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मामले में थाना भलुअनी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दिया। इसी क्रम में पुलिस ने नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





















































Leave a comment