आजमगढ़ में विषाक्त पदार्थ से वृद्ध दंपति की मौत, बेटी ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप
आजमगढ़।गंभीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोमाडीह में संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्ध दंपति की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पूर्वी हरिजन बस्ती निवासी श्यामलाल (70) पुत्र बाबूलाल तथा उनकी पत्नी बसंती देवी (65) शनिवार सुबह अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी अश्विनी कुमार मिश्रा एवं गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक श्यामलाल के चार पुत्र—जियालाल, महेंद्र कुमार, कैलाश और अवधेश—तथा एक पुत्री हैं। सभी की शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि करीब चार दिन पहले संपत्ति के बंटवारे को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। श्यामलाल ने अपनी संपत्ति का बंटवारा पुत्रों में कर दिया था, लेकिन शुक्रवार को फिर किसी बात को लेकर बेटों और बहुओं से कहासुनी हुई थी। पड़ोसियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया था।
शनिवार सुबह काफी देर तक घर से कोई हलचल न होने पर परिजनों को शक हुआ। जब अंदर जाकर देखा गया तो वृद्ध दंपति बिस्तर पर मृत पड़े थे। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई।
मृतक दंपति की पुत्री कुमारी देवी ने अपने भाइयों और भाभियों पर माता-पिता को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।





















































Leave a comment