Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सरयू नदी में डूबे किशोर अर्पित का शव बरामद

देवरिया।बरहज क्षेत्र में सरयू नदी में डूबे किशोर अर्पित राजभर का शव शनिवार शाम एसडीआरएफ और एनडीआरएफ टीम ने बरामद कर लिया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को करीब 3 बजे अर्पित (11 वर्ष) पुत्र पवन राजभर और अमन राजभर (12 वर्ष) पुत्र बबलू राजभर अपने दोस्तों के साथ निर्माणाधीन मोहन सेतु के पास सरयू नदी में स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान दोनों किशोर नदी की तेज धारा में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी खोजबीन की, लेकिन शुक्रवार शाम तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका।

इसके बाद एसडीएम हरिशंकर लाल के निर्देश पर बरहज थाना पुलिस ने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को लगाकर सर्च अभियान शुरू कराया। शनिवार शाम लगभग 3 बजे मेहियवा गांव के दक्षिण दिशा में सरयू नदी से अर्पित का शव बरामद किया गया।

अर्पित के पिता पवन राजभर दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की मौत के बाद माता इन्द्रासनी देवी, दादा रमाशंकर राजभर समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ा भाई आदित्य और अंचल भी भाई की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गए।

दादा रमाशंकर राजभर ने बताया कि परिवार मजदूरी के सहारे चलता है। काम मिलने पर ही चूल्हा जलता है, अन्यथा भूखे पेट सोना पड़ता है।

पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल देवरिया भेज दिया है।

थाना अध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि सरयू नदी में स्नान के दौरान दो किशोर डूब गए थे, जिनमें अर्पित का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि दूसरे किशोर की तलाश जारी है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh