देवरिया में विशेष लोक अदालत की सफलता हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
देवरिया।माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से, माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया, धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया (सिविल जज-सी0डी0) अर्चना के निर्देशन में जिला बार एसोसिएशन देवरिया के सभागार कक्ष में विशेष लोक अदालत की सफलता हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली में 21 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अर्चना ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित वादों के सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण के उद्देश्य से “समाधान समारोह 2026” अभियान 21 अप्रैल 2026 से प्रारंभ किया गया है, जिसका समापन 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को आयोजित विशेष लोक अदालत के साथ होगा।
उन्होंने बताया कि न्याय को सरल, सुलभ और जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है, ताकि आपसी सहमति एवं सहभागिता के माध्यम से विवादों का त्वरित समाधान हो सके। विशेष लोक अदालत के आयोजन से पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया के मध्यस्थता केंद्र एवं संबंधित पीठों के समक्ष सुलह बैठकों का आयोजन भी किया जाएगा।
सचिव ने कहा कि जिन पक्षकारों के मामले माननीय सर्वोच्च न्यायालय में लंबित हैं, वे अपने मामलों को “समाधान समारोह 2026” में शामिल कराने हेतु ऑनलाइन गूगल फॉर्म भर सकते हैं। यह फॉर्म सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। गूगल फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।
जिला बार एसोसिएशन देवरिया के अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि विशेष लोक अदालत में बैंकिंग एवं बीमा, दीवानी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, उपभोक्ता एवं सेवा विवाद, पारिवारिक मामले, वाणिज्यिक एवं आर्बिट्रेशन, भूमि अधिग्रहण, श्रम एवं औद्योगिक विवाद, स्थानांतरण याचिकाओं सहित अन्य समझौता योग्य मामलों का निस्तारण आपसी सहमति से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पक्षकार स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से इस विशेष लोक अदालत का निःशुल्क लाभ उठा सकते हैं।
कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष चंद राव, मंत्री अर्जुन यादव, अजय उपाध्याय, अमरेन्द्र द्विवेदी सहित अनेक अधिवक्ता एवं पराविधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।






















































Leave a comment