Latest News / ताज़ातरीन खबरें

दिनदहाड़े छात्र पर असलहे के बल पर हमला, छह नकाबपोशों ने अंडरपास के पास रोका तमंचे के बट से पीटकर कक्षा 11 के छात्र को किया घायल, शिकायत पर गोली मारने की धमकी

आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक छात्र के साथ असलहे के बल पर मारपीट और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित के पिता ने थानाध्यक्ष सिधारी को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम व पोस्ट गम्भीरवन, थाना जहानागंज निवासी कृष्णकांत सिंह का पुत्र यश सिंह, तिवारीपुर स्थित एक विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र है। बताया गया कि यश सिंह अपने मित्र अनंत यादव को जमालपुर ग्राम सभा छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान जमालपुर अंडरपास के पास दो बाइकों पर सवार छह नकाबपोश युवकों ने असलहा दिखाकर दोनों छात्रों को रोक लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने छात्र की तलाशी ली, गाली-गलौज की और तमंचे के बट से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। किसी तरह डरा-सहमा छात्र घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
पीड़ित के पिता के अनुसार जब वह विद्यालय पहुंचे तो जानकारी मिली कि उसी दिन करीब 12:50 बजे इसी तरह की घटना एक अन्य छात्र के साथ भी हुई थी। हालांकि उसके पास पैसे न मिलने पर आरोपियों ने मारपीट कर उसे छोड़ दिया था।
परिजनों द्वारा की गई पड़ताल में सम्मोपुर स्थित स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में दो बाइकों पर सवार छह नकाबपोश युवक भागते हुए दिखाई दिए। फोटो दिखाए जाने पर बच्चों ने कथित रूप से आरोपियों की पहचान भी की है।
पीड़ित छात्र का आरोप है कि हमलावरों ने घटना की शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी भी दी।
इस संबंध में पीड़ित के पिता ने थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh