Latest News / ताज़ातरीन खबरें

गंडक नदी में नहाने गए युवक की डूबकर हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

 देवरिया । भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए छोटी गंडक नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना  देवरिया जनपद के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित नदावर मंदिर के समीप नदावर घाट पर हुई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए
मिली जानकारी के अनुसार, असलम (15 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय नईमुद्दीन अंसारी, निवासी ग्राम करमासी टोला मिश्रौली भिंगारी, बिहार, वर्तमान में सलेमपुर के गांधी चौक स्थित अपनी बुआ के घर पर रह रहा था। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह घर से निकला था। दोपहर लगभग 12 बजे वह अपने तीन साथियों के साथ नदावर घाट पर छोटी गंडक नदी में नहाने गया।
नहाने के दौरान असलम अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही सलेमपुर की उपजिलाधिकारी दिशा श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार गोपाल जी, कोतवाली प्रभारी डी.के. मिश्रा तथा पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों की निगरानी में स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों के सहयोग से खोज एवं बचाव अभियान चलाया गया।
घंटों की मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर पर मातम छा गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। 
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh