मंडलायुक्त एवं उप महानिरीक्षक ने मोहर्रम पर्व को लेकर की बैठक शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के दिए निर्देश
देवरिया । मोहर्रम पर्व को जनपद में सकुशल व शांतिपूर्ण मनाए जाने को लेकर मंडलायुक्त अनिल ढींगरा एवं उप महानिरीक्षक एस. चन्नप्पा ने स्थानीय डाक बंगले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक की। इस दौरान जनपद में शांतिपूर्ण, आपसी प्रेम व भाईचारे के साथ मोहर्रम पर्व मनाए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी व अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से क्षेत्रों का भ्रमण कर लें। ताजिया के आयोजकों एवं डीजे संचालकों के साथ बैठक करने के साथ सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर एहतियाती उपायों से अवगत भी कराएं। पर्व को परंपरागत रूप में ही मनाया जाए, कोई भी कार्य गैर-परंपरागत न हो, यह सुनिश्चित होना चाहिए।
आयुक्त ने तहसील एवं थाना संपूर्ण समाधान दिवस सहित आईजीआरएस एवं विभिन्न स्तरों से प्राप्त प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण समाधान किए जाने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। उन्होंने कहा है कि वास्तविक व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उपरांत उसकी आख्या आईजीआरएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। उप जिलाधिकारी गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के फीडबैक को स्वयं देखें व उसका सत्यापन भी सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व वादों धारा-24, 34 सहित विभिन्न धाराओं के वादों के पुराने लंबित मामलों का निस्तारण भी किए जाने के निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर कोई पुराना प्रकरण लंबित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।
मंडलायुक्त ने सभी ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई अभियान चलाकर कराए जाने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए। उन्होंने यह भी कहा कि साफ-सफाई के साथ-साथ एंटी लार्वा आदि का छिड़काव एकत्रित पानी व नालियों में भी कराया जाए, इससे जेई व एईएस का प्रभावी नियंत्रण होगा। उन्होंने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सभी तैयारियां पूर्ण किए जाने के भी निर्देश दिए।
उप महानिरीक्षक एस. चन्नप्पा ने मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर लिए जाने को कहा। साथ ही पुलिस विभाग के अधिकारियों को क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर हर स्थिति का जायजा पूर्व में ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ताजिया एवं जुलूस के रूट का भी निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। ताजियादारों एवं उनके सदस्यों से भी वार्ता कर पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए उनकी भागीदारी सुनिश्चित किए जाने की अपेक्षा की। अन्य विभागों के साथ अंतरविभागीय समन्वय स्थापित कर जनपद में इस पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण तत्परता के साथ किए जाने पर भी बल दिया। उन्होंने थानों व पुलिस लाइन में भी साफ-सफाई सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंडलायुक्त एवं उप महानिरीक्षक गोरखपुर द्वारा दिए गए निर्देशों व सुझावों का अक्षरशः अनुपालन कराए जाने का आश्वासन देते हुए सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं पर्व के दृष्टिगत नामित मजिस्ट्रेटों को आपसी समन्वय के साथ जनपद में मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण मनोयोग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण उपस्थित रहे तथा उप जिलाधिकारी गण वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

























































Leave a comment