Latest News / ताज़ातरीन खबरें

अमिला के बाबाथानीदासमोड़ पर एलिवेटेड कॉरिडोर फ्लाईओवर निर्माण की उम्मीद जगी, सर्वे कार्य पूरा

घोसी।अमिला। वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (पूर्व में एनएच-29) पर नगर पंचायत अमिला स्थित बाबा थानीदासमोड़ पर प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर (फ्लाईओवर) निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। कार्यदायी संस्था द्वारा स्थल का सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है। स्वायल टेस्टिंग एवं जियो-टेक्निकल सर्वे के बाद निर्माण कार्य में बाधा बनने वाले विद्युत पोलों और वृक्षों का चिन्हांकन भी कर दिया गया है। इससे क्षेत्रीय लोगों में लंबे समय से चली आ रही पारगमन की समस्या के समाधान की उम्मीदें प्रबल हो गई हैं।
बाबा थानीदासअमिला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन विस्तार के दौरान सड़क के मध्य लोहे के गार्डर तथा किनारों पर रेलिंग लगाए जाने से स्थानीय लोगों का एक छोर से दूसरे छोर तक आवागमन कठिन हो गया था। इस समस्या को लेकर क्षेत्र के नागरिक लगातार आवाज उठाते रहे। स्थानीय निवासी दुर्गेश सिंह, पुरुषोत्तम गुप्ता, धनई सिंह, बृजभूषण सिंह, संतोष यादव, पूर्व सैनिक परमानन्द यादव और देवेंद्र समेत अनेक लोगों ने वर्ष 2023 से ही इस मुद्दे को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेज कर  प्रमुखता से उठाया था।
क्षेत्रीय लोगों के प्रयासों और जनप्रतिनिधियों की पहल के बाद केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर 22 जून 2023 को पहली बार एनएचएआई की ओर से बाबा थानीदासमोड़ पर सर्वे कराया गया था। इसके बाद भूमि मापन सहित विभिन्न तकनीकी सर्वेक्षण कई चरणों में किए गए। मई 2026 के दूसरे सप्ताह में स्वायल टेस्टिंग और जियो-टेक्निकल सर्वे सम्पन्न होने के बाद अब विद्युत पोलों और पेड़ों का चिन्हांकन भी पूरा कर लिया गया है।
कंसल्टिंग कंपनी के सर्वेयर इंजीनियर सुब्बीर कुमार ने बताया कि प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर के मार्ग में आने वाले विद्युत पोलों के विस्थापन तथा वृक्षों की कटान के लिए आवश्यक चिन्हांकन कर लिया गया है। वर्तमान में ड्राफ्ट रिपोर्ट तैयार की जा रही है। विद्युत विभाग एवं वन विभाग से संबंधित अनुमानित लागत (एस्टीमेट) प्राप्त होने के बाद अंतिम रिपोर्ट विभाग को भेजी जाएगी।
एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण की संभावनाओं से क्षेत्रीय लोगों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि परियोजना पूरी होने के बाद वर्षों पुरानी पारगमन समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
प्रमुख पड़ाव:
दिसंबर 2022 में बाबा थानीदास में फ्लाईओवर निर्माण की मांग उठी।
   1 जून 2023 को क्षेत्रीय विधायक रामबिलास चौहान एवं पूर्व राज्यपाल फागू चौहान ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया।
22 जून 2023 को एनएचएआई ने पहली बार स्थल का सर्वे कराया।
22 जुलाई 2023 को सोनाडीह तथा 17 अगस्त 2023 को हेमई-अहिरानी क्षेत्र में भूमि मापन किया गया।
कैबिनेट मंत्री एके शर्मा के साथ विधायक रामबिलास चौहान ने  विधानसभा के साथ सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष थानीदासमोड़ पर होने वाले दुर्घटना, मौत को लेकर फ्लाईओवर की समस्या उठाई।
मई 2026 के दूसरे सप्ताह में स्वायल टेस्टिंग एवं जियो-टेक्निकल सर्वे सम्पन्न हुआ। वही सर्वे टीम द्वारा विद्युत पोलों और वृक्षों के चिन्हांकन का कार्य पूरा कर लिया गया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh