आजमगढ़: जहानागंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शांति भंग के आरोप में 16 लोगों का बीएनएसएस के तहत चालान
आजमगढ़। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत जहानागंज थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 16 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के अंतर्गत चालान कर उन्हें एसडीएम सदर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन सिंह के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
पहला मामला थाना क्षेत्र के ग्राम कडासर का है, जहां पुरानी रंजिश और बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं दूसरा मामला ग्राम धनहुआ का है, जहां घर और भूमि के बंटवारे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों स्थानों पर विवाद बढ़ने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति सामान्य न होने और संबंधित लोगों के आक्रामक रुख को देखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। इसके तहत कुल 16 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत चालान किया गया तथा उन्हें सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराकर उप जिलाधिकारी सदर न्यायालय में पेश किया गया।
ग्राम कडासर प्रकरण में प्रथम पक्ष से चंद्रिका, संदीप, सविता और नंदनी तथा द्वितीय पक्ष से आनंद कुमार, जानसी और शंकर के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं ग्राम धनहुआ के मामले में प्रथम पक्ष से छविलाल कन्नौजिया, संदीप, कन्हई उर्फ राजू, मुन्नी देवी और सुनीता तथा द्वितीय पक्ष से श्रवण कन्नौजिया, रेणु, गोलू और अंगद का चालान किया गया।
पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा शांति भंग की आशंका वाले मामलों में आगे भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

























































Leave a comment