Crime News / आपराधिक ख़बरे

तलवार और डमी कट्टा लहराकर इंस्टाग्राम पर बना रहे थे रील, पुलिस ने दो युवकों पर की कार्रवाई

‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत गैंग संस्कृति और दबंगई के प्रदर्शन पर शिकंजा, पूछताछ के दौरान पुलिस से उलझने का भी आरोप

आजमगढ़। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दबंगई और गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन वज्रपात’ जारी है। अभियान के तहत थाना तहबरपुर पुलिस ने इंस्टाग्राम पर तलवार और डमी कट्टा लहराते हुए रील बनाकर प्रसारित करने वाले दो युवकों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में सोशल मीडिया पर भय, दबंगई और गैंग संस्कृति का प्रदर्शन करने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी दौरान पुलिस की साइबर टीम ने एक इंस्टाग्राम आईडी पर प्रसारित हो रहे आपत्तिजनक वीडियो को चिन्हित किया।

तलवार और डमी कट्टा लहराते हुए बनाई रील

पुलिस ने @RKBHAIAZAMGARH_MTL_0999 नामक इंस्टाग्राम आईडी पर प्रसारित वीडियो को चिन्हित किया। पुलिस के मुताबिक वीडियो में रवि कुमार पुत्र स्वर्गीय शिवशंकर राम और सत्यानन्द कुमार पुत्र स्वर्गीय ओमप्रकाश, निवासीगण रमनीपुर, थाना तहबरपुर, तलवार और डमी कट्टा लहराते हुए रील बनाते नजर आए।

पुलिस का कहना है कि वीडियो में हथियारों का प्रदर्शन करते हुए दबंगई वाला अंदाज दिखाया गया था। इस तरह के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा होने की आशंका रहती है।

पूछताछ के दौरान पुलिस से कहासुनी का आरोप

वीडियो के संबंध में पुलिस ने दोनों युवकों को चिन्हित कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों युवक पुलिसकर्मियों से कहासुनी करने लगे और विवाद बढ़ने पर हाथापाई पर उतारू हो गए।

स्थिति को देखते हुए थाना तहबरपुर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की।

साइबर टीम ने की पहचान

कार्रवाई में थाना तहबरपुर की साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक सुलभ पाण्डेय, कांस्टेबल अनूप रावत और कांस्टेबल गोपाल शामिल रहे।

पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों का प्रदर्शन, आपत्तिजनक वीडियो और गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी की जा रही है। ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत ऐसे मामलों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और कथित दबंगई को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh